पुलिस की तत्परता से सेलाकुई हत्याकांड का आरोपी धरा
डीबीएल संवाददाता।
देहरादून जिले के सेलाकुई थाना क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सेलाकुई थाना क्षेत्र के जमनपुर इलाके में हुए हत्याकांड में आरोपी की बेटी के जन्मदिन की पार्टी में दोस्त को न बुलाना और पुरानी रंजिश हत्या की मुख्य वजह बनी। शराब के नशे में हुए झगड़े के दौरान आरोपी ने अपने दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी जितेंद्र कुमार को सहसपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने के उपरांत जेल भेज दिया।



