एड्स जागरूकता को लेकर दून में ‘रेड रन’ मैराथन आयोजित
खेल प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से एचआईवी एड्स नियंत्रण एवं जागरूकता का दिया संदेश

डीबीएल संवाददाता।
उत्तराखण्ड राज्य एड्स नियंत्रण समिति, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, उत्तराखण्ड, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून तथा खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एचआईवी एड्स नियंत्रण एवं जागरूकता के उद्देश्य से राज्य स्तरीय ‘रेड रन’ मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 7.00 बजे फ्लैग ऑफ कर किया गया।
रविवार को राज्य स्तरीय ‘रेड रन’ मैराथन प्रतियोगिता का शुभारंभ डॉ. अमित शुक्ला संयुक्त निदेशक, बेसिक सर्विस अनुभाग, उत्तराखण्ड राज्य एड्स नियंत्रण समिति ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एचआईवी एड्स की रोकथाम के लिए जागरूकता ही सबसे प्रभावी माध्यम है। युवाओं को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव और उपचार के संबंध में सही जानकारी प्राप्त कर समाज में भी जागरूकता फैलानी चाहिए। उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि उन्हें सम्मान और सहयोग मिलना चाहिए।
‘रेड रन’ जैसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली के साथ-साथ एचआईवी एड्स के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने प्रतिभागियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और ‘सही जानकारी अपनाएं, भेदभाव मिटाएं और एचआईवी एड्स की रोकथाम में भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि जागरूक युवा ही स्वस्थ, सुरक्षित और एड्स मुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। प्रतियोगिता में 17 से 25 वर्ष आयु वर्ग के छात्र छात्राओं ने बढ़चढ़ कर प्रतिभाग किया।
‘रेड रन’ मैराथन यामाहा शोरूम के निकट पेट्रोल पंप, कैनाल रोड, एनआईईपीवीडी, बाला सुंदरी मंदिर, स्कॉलर होम बैक गेट, इंदरबाबा मार्ग एवं नियर पॉलिटेक्निक होते हुए पुनः यामाहा शोरूम पर समाप्त हुई।
अव्वल धावकों को किया गया पुरस्कृत :
‘रेड रन’ में अव्वल स्थान हासिल करने वाले बालक व बालिका वर्ग के धावकों को को धनराशि के चेक देकर पुरस्कृत किया गया। प्रथम स्थान हासिल करने वालों को 10 हजार, द्वितीय स्थान वाले धावकों को 7 हजार व तृतीय स्थान पर रहे धावकों को 5 हजार की धनराशि प्रदान की गई।
इन्हें किया गया सम्मानित :

प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज के अमरदीप, फैजान और मुकेश ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज की तनुशी चौहान, रितिका रावत एवं सोनाली डोडियाल ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया।



