खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में लापरवाही बरतने पर होगी कानूनी कार्यवाही
खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त विनय शंकर पांडे ने कहा उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
डीबीएल संवाददाता / देहरादून।
दीपावली और त्योहारों के मद्देनजर उत्तराखंड में मिलावटखोरी और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। आयुक्त विनय शंकर पांडे के निर्देश पर देहरादून के यमुना कॉलोनी क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण के दौरान चकराता रोड स्थित एडीज बेकरी से केक और क्रीम के नमूने जांच के लिए लिए गए। पैक्ड फूड सिरप का नमूना भी सील कर प्रयोगशाला भेजा गया। इसके अलावा तमटारा कैफे की रसोई और स्टोर में गंदगी मिलने तथा सुधार संबंधी निर्देशों की अनदेखी करने पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की गई है।
खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त विनय शंकर पांडे ने कहा है कि आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों पर भी कानूनी कार्रवाई होगी। जनता की सेहत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त विनय शंकर पांडे के निर्देशानुसार वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह के नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र की टीम ने यमुना कॉलोनी स्थित एडीज बेकरी का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए हेज़लनट चॉकलेट केक और क्रीम के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, नमूनों को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान दून की तमटारा कैफे की रसोई और स्टोर में गंदगी पाए जाने का मामला भी सामने आया। विभाग के अनुसार, पहले संबंधित प्रतिष्ठान को स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होने तक रसोई का संचालन स्थगित रखने के निर्देश दिए गए थे। आरोप है कि कैफे संचालक ने इन निर्देशों का अनुपालन नहीं किया। प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कानूनी कार्यवाही की स्वीकृति दी गई है।



