स्वास्थ्य

यूपीईएस विश्वविद्यालय की मेस के खाने की होगी जांच – खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लिए सैंपल

प्रदेश सरकार का आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने का अभियान जारी

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री के दिशा-निर्देशों और आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पाण्डेय के निर्देशों के क्रम में प्रदेशभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी और निरीक्षण की कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को देहरादून स्थित यूपीईएस विश्वविद्यालय के कैफेटेरिया और मेस का खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण किया।

खाद्य सुरक्षा मानकों को परखा :

निरीक्षण टीम ने विश्वविद्यालय के कैफेटेरिया और मेस में खाद्य सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान खाद्य लाइसेंस, पानी की जांच रिपोर्ट, मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट और फूड सेफ्टी ट्रेनिंग से संबंधित रिपोर्ट की जांच की गई। विश्वविद्यालय की ओर से निरीक्षण टीम को संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराए गए। टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने से जुड़े मानकों के अनुपालन की स्थिति भी देखी।

जांच के लिए लिए खाद्य पदार्थों के नमूने :

निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पानी, पकी हुई दाल तथा सब्जी के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। प्रयोगशाला जांच के बाद नमूनों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा से संबंधित स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पूरे प्रदेश में जारी है निगरानी अभियान  :

प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें विभिन्न जनपदों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही हैं। निरीक्षण के दौरान आवश्यक दस्तावेजों, स्वच्छता व्यवस्था और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button