प्रदेशवासियों को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्राथमिकता: पांडेय
पूरे प्रदेश में निर्माण और अवसान तिथि दर्ज नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई, दून में 9 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गए

डीबीएल संवाददाता।
त्योहारी सीजन में बाजारों में मिठाइयों और बेकरी उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से प्रदेशभर में विशेष निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडेय के दिशा-निर्देशों पर विभाग की टीमें मिठाई की दुकानों, बेकरी और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडेय ने कहा कि प्रदेशवासियों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
दून से 9 नमूने जांच को भेजे :
देहरादून जनपद के नगर निगम क्षेत्र, विकासनगर, हरबर्टपुर और ऋषिकेश में खाद्य सुरक्षा विभाग की अलग-अलग टीमों ने मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान जहां नियमों का उल्लंघन मिला, वहां चालानी कार्रवाई शुरू की गई। वहीं, गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर विभिन्न मिठाइयों और घी के कुल नौ नमूने एकत्र कर जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेजे गए हैं।



