चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी नौकरी के साथ प्राप्त कर सकेंगे उच्च शिक्षा

डीबीएल संवाददाता।
उत्तराखंड में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, प्रबंधन क्षमता एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय, देहरादून एवं इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ , दिल्ली के मध्य एग्जीक्यूटिव पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम इन पब्लिक हेल्थ मैनेजमेंट के संयुक्त संचालन हेतु समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। यह एमओयू इंडिया इंटरनेशनल सेंटर, नई दिल्ली में हस्ताक्षरित किया गया।
दोनों प्रतिष्ठित संस्थानों के संयुक्त तत्वावधान में संचालित होने वाला यह एक वर्षीय ब्लेंडेड लर्निंग कार्यक्रम जनवरी 2027 से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यरत चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, सार्वजनिक स्वास्थ्य अधिकारियों एवं अन्य पेशेवरों को जन स्वास्थ्य प्रबंधन के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना तथा दक्ष एवं प्रशिक्षित जन स्वास्थ्य मानव संसाधन विकसित करना है।
इस अवसर पर एचएनबीयूएमयू की कुलपति प्रो. भानु दुग्गल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यरत अधिकारियों और पेशेवरों का निरंतर कौशल विकास अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विश्वविद्यालय द्वारा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ, दिल्ली के सहयोग से एग्जीक्यूटिव पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम इन पब्लिक हेल्थ मैनेजमेंट प्रारंभ किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को जन स्वास्थ्य प्रबंधन, स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, बेहतर योजना निर्माण एवं साक्ष्य आधारित निर्णय लेने का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा। हमें विश्वास है कि यह पहल राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के साथ आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगी।
नौकरी के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने का मिलेगा अवसर :
इस कार्यक्रम की प्रमुख विशेषता इसका ब्लेंडेड लर्निंग प्रारूप है, जिसके अंतर्गत प्रतिभागी अपनी नियमित नौकरी एवं विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें पूर्णकालिक अध्ययन हेतु अपनी वर्तमान सेवाओं से अवकाश लेने की आवश्यकता नहीं होगी।
जन स्वास्थ्य शिक्षा एवं स्वास्थ्य प्रबंधन क्षमता के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल :
एचएनबीयूएमयू एवं आईआईपीएच, दिल्ली की यह संयुक्त शैक्षणिक पहल उत्तराखंड में जन स्वास्थ्य शिक्षा, प्रशिक्षण एवं स्वास्थ्य प्रबंधन क्षमता के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह कार्यक्रम न केवल उत्तराखंड, बल्कि देश के अन्य राज्यों में कार्यरत स्वास्थ्य पेशेवरों के लिए भी उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा एवं व्यावसायिक क्षमता विकास का अवसर उपलब्ध कराएगा।



