दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को आर्थिक मदद की स्वीकृति

डीबीएल संवाददाता।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुसार सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय में पत्रकार कल्याण कोष एवं मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में पस्तुत प्रकरणों पर विचार करते हुए समिति ने पत्रकार कल्याण कोष से नौ दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पांच-पांच लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत करने की संस्तुति की गई है।
बैठक में समिति द्वारा मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के अन्तर्गत तीन वरिष्ठ पत्रकारों को 8 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दिए जाने की संस्तुति भी की गई है। महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के दृष्टिगत पत्रकारों के कल्याण एवं सम्मान के प्रकरणों पर सूचना विभाग के द्वारा तत्परता से कार्यवाही की जा रही है।
बैठक में अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक केएस चौहान, वरिष्ठ वित्त अधिकारी श्रीमती शशि सिंह एवं समितियों के सदस्यगण लक्ष्मण सिंह नेगी, अमित शर्मा एवं शशि शर्मा मौजूद रहे।



