उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने गंगोलीहाट में 25 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास

पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शनिवार को राजकीय इण्टर कॉलेज गंगोलीहाट के खेल मैदान में आम जनता से भेंट की तथा जनसमस्याएं सुनीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जिले की 25.49 करोड़ रुपये की 14 विकास योजनाओं का भी शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने जनता को आश्वस्त किया कि उनकी जो भी समस्याएं होंगी उनका निश्चित रूप से समाधान किया जायेगा। उन्होंने मौक पर ही जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश जिलाधिकारी पिथौरागढ़ एवं सम्बन्धित अधिकारियों को दिये।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के 10 माह पूर्ण होने जा रहे है इन 10 माहों में प्रदेश में भ्रष्टाचार को पूर्णतः समाप्त करने में सरकार सफल रही है। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाना है। इस मुहिम को सफल बनाने में सभी से भागीदारी निभाने की उन्होंने अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कृषि को भी स्वरोजगार का प्रभावी माध्यम बनाने के लिय सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की गयी है, किसानों की आय वर्ष 2022 तक दोगुना किये जाने के उद्देश्य से 2 प्रतिशत ब्याज दर पर एक लाख तक का ऋण किसानों को उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान तक पूरे प्रदेश में एक लाख 40 हजार किसानों को यह ऋण दिया जा चुका है।

उन्होंने प्रदेश में बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराये जाने के सम्बंध में कहा कि शीघ्र ही चिकित्सा सेवाओं को दुरुस्त किया जाएगा। अतिरिक्त 2200 चिकित्सकों के प्रदेश में सेवा देने हेतु आवेदन प्राप्त हुए है जिन के साक्षात्कार की कार्यवाही चल रही है शीघ्र ही प्रदेश के सभी चिकित्सालयों में चिकित्सक तैनात हो जायेंगे। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही 500 नर्सों की भी भर्ती की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सैन्य एवं अर्द्वसैन्य बल में तैनात वीरसपूत के शहीद होने पर उनके परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा में नौकरी दी जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के अन्तिम व्यक्ति के विकास हेतु पूरी संवेदनशीलता से कार्य कर रही हैं।

जनसमस्यां निवारण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने 25.49 करोड़ रुपये की लागत वाली 14 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 5 कृषकों को एक-एक लाख रूपये के कृषि ऋण के चैक भी वितरित किये। मुख्यमंत्री ने बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं कार्यक्रम के तहत सभी को बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं की शपथ दिलायी। मुख्यमंत्री ने वयोवृद्ध भाजपा प्रतिनिधि दीवान सिंह एवं भगवान बल्लभ पंत को साल ओढ़ाकर सम्मानित किया। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत और विधायक गंगोलीहाट मीना गंगोला ने भी जनता को संबोधित किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी पिथौरागढ़ सी रविशंकर, पुलिस अधीक्षक अजय जोशी, मुख्य विकास अधिकारी वन्दना सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, जनपद स्तरीय अधिकारी और क्षेत्र की जनता उपस्थित थी।

Key Words : Uttarakhand, Pithoragarh, CM, Gangolihat, Foundation stone, 25 crores

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button