उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने मां यमुना की 21 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया

डीबीएल संवाददाता।

देहरादून के हरिपुर में विश्वकर्मा जयंती एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जौनसार-बावर के प्रवेश द्वार हरिपुर में ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जमुना कृष्ण धाम में मां यमुना की 21 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण और यमुना घाटों का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिपुर कालसी का ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से बड़ा महत्व है। यह नगर कभी धार्मिक वैभव से संपन्न था और हरिद्वार की तर्ज पर यहां बड़े-बड़े मंदिर, धाम और धर्मशालाएं थीं। इसी महत्व को देखते हुए सम्राट अशोक ने कालसी में शिलालेख स्थापित किया, ताकि लोग इसे पढ़कर मानवीय आदर्शों को अपने जीवन में अपना सकें।

इस अवसर पर विकास नगर के विधायक मुन्ना सिंह चौहान, जनजाति सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष गीता राम गौड, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, मुख्यमंत्री के सूचना सलाहकार प्रोफेसर गोविन्द सिंह, धीरेंद्र पवार, अवधूतानंद अरुण गिरी महाराज, मूरत राम शर्मा, प्रताप सिंह रावत, भाजपा के जिला अध्यक्ष मीता सिंह सहित भाजपा के पांचो मंडलों के अध्यक्ष स्थानीय जनता मौजूद रही।

लाखामंडल क्षेत्र का भी होगा आध्यात्मिक विकास:

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हरिपुर में घाटों के निर्माण के साथ ही हनोल को मास्टर प्लान के तहत विकसित किया जा रहा है, जहां 120 करोड़ रुपये की लागत से कार्य गतिमान है। लाखामंडल क्षेत्र को भी आध्यात्मिक रूप से और विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने लोक पंचायत के कार्यों को सराहा:

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जमुना कृष्ण धाम पर आयोजित कार्यक्रम में अपने संबोधन में कहा कि लोक पंचायत ने घाट निर्माण से लेकर मां यमुना की प्रतिमा स्थापित करने के लिए कई वर्षों से निरंतर प्रयास किया है। उन्होंने लोक पंचायत द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। लोक पंचायत जमुना तीर्थ समिति द्वारा दिए गए मांग पत्र के अनुरूप मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि जमुना घाट के द्वितीय चरण के कार्य को जल्द प्रारंभ किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button