उत्तराखंड

जरूरतमंदों की सहायता करना मानवीय जिम्मेदारी: मुख्यमंत्री

आपदा के प्रभावितों की मदद को गोर्खाली सुधार सभा का सहायता दल नेपाल रवाना

डीबीएल संवाददाता।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से गोर्खाली सुधार सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा के नेतृत्व में आठ सदस्यीय नेपाल आपदा राहत सहायता दल को हरी झंडी दिखाकर नेपाल के लिए रवाना किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नेपाल हमारा पड़ोसी ही नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक रूप से भी भारत के साथ गहरे संबंध रखने वाला देश है। प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में उत्तराखंड और भारत के लोग नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने राहत दल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संकट के समय जरूरतमंदों की सहायता करना हमारी मानवीय जिम्मेदारी है।

गोर्खाली सुधार सभा की मीडिया प्रभारी प्रभा शाह ने बताया कि आपदा के बाद गोर्खाली सुधार सभा द्वारा नेपाल राहत सहायता के लिए कमेटी गठित कर सहयोग का आह्वान किया गया था। सभा की विभिन्न शाखाओं एवं सहयोगी संस्थाओं ने राहत कार्यों में सहयोग किया है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, गोर्खा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अभिषेक शाही, शहीद मेजर दुर्गा मल्ल मंडल के अध्यक्ष राजीव गुरूंग, शमशेर थापा, टेकू थापा मगर, शंकर थापा, डम्मर थापा एवं लव तमांग आदि शामिल हैं।

नेपाल के एक गांव को गोद लेंगे:

गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने बताया कि गोर्खाली सुधार सभा के आपदा राहत सहायता दल द्वारा प्रभावितों की सहायता के साथ नेपाल में एक गांव को गोद लेकर प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। साथ ही बच्चों के लिए स्कूल भवन निर्माण में सहयोग तथा विद्यार्थियों को पुस्तकें एवं पठन-पाठन सामग्री वितरित की जाएगी। राहत कार्यों के लिए नेपाल सरकार एवं वहां की स्वयंसेवी संस्थाओं से भी निरंतर समन्वय किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button