मां डाट काली मंदिर के समीप टू लेन टनल का लोकार्पण
![](https://devbhoomilive.com/wp-content/uploads/2018/10/CM.jpg)
देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-72 पर स्थित मां डाट काली मंदिर के समीप टू लेन टनल का विधिवत लोकार्पण किया। भारत रत्न इंजीनियर एम विश्वेश्वरैया के नाम से निर्मित टनल की लम्बाई 340 मीटर है। टनल का निर्माण कार्य निर्धारित समय से आठ माह पहले ही पूरा कर लिया गया जिससे टनल निर्माण लागत में 9 करोड़ रूपये की बचत हुई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि भारत रत्न इंजीनियर एम विश्वेश्वरैया टनल हमारे प्रतिभावान व परिश्रमी इंजीनियरों को समर्पित हैं। टनल का निर्माण कार्य निर्धारित समय से 08 माह पूर्व पूर्ण करने व टनल निर्माण लागत में 9 करोड़ की बचत के लिए कार्यदायी संस्था बधाई व प्रंशसा की पात्र है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही टनल के प्रवेश द्वारों पर देवभूमि उत्तराखण्ड की संस्कृति की झलक दिखाने व सौन्दर्यीकरण के लिए भी कार्य किया जाए। इन्हें पर्यटकों के लिए सेल्फी पाॅइन्ट के रूप में विकसित किया जाए।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सड़कों के सुधारीकरण व सुगम बनाने पर विशेष बल दिया जा रहा है। इससे आम जन व पर्यटकों को सुविधा होगी। इस वर्ष राज्य में रिकार्ड पर्यटक आए। उन्होंने कहा कि राज्य में आयोजित निवेशक सम्मेलन ऐतिहासिक होगा। हमारे पास लगातार निवेशक आ रहे है। पंजीकरण निरन्तर बढ़ते जा रहे है। यह निवेश राज्य के विकास व प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भ्रष्टाचार के विरूद्ध इस लड़ाई में जनता, जनप्रतिनिधि, मंत्रीगण, सहयोगी व नौकरशाही हमारे साथ है। इस संघर्ष में हमको सबका सहयोग मिल रहा है।
इस अवसर पर विधायक विनोद चमोली, भरत सिंह चैधरी, अपर मुख्य सचिव ओम प्रकाश, मुख्य अभियन्ता हरि ओम शर्मा, प्रमुख अभियन्ता आर सी पुरोहित, भाजपा प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, महेश पाण्डेय आदि उपस्थित थे।