किशाऊ बांध परियोजना – परियोजना की जद में आने वाले ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

डीबीएल संवाददाता।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की सीमा पर टौंस नदी पर बनने जा रही बहुदेशीय किशाऊ बांध परियोजना को केंद्र की स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना की जद में आने वाले प्रभावित गांवों के ग्रामीणों ने अपने हकहकूक की आवाज बुलंद करते हुए परियोजना के निर्माण पर विरोध जताया है।
गुरूवार को क्वाणू गांव में इस परियोजना की जद में आ रहे हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के 20 प्रभावित गांवों के लोगों ने धरना प्रदर्शन कर चक्का जाम कर अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम कालसी प्रेमलाल को सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय ग्रामीणों की सहमति के बिना इस परियोजना की स्वीकृति प्रदान की गई है जो कतई भी न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने मांग उठाई कि परियोजना निर्माण को लेकर प्रभावित गांवों के निवासियों को उचित मुआवजा और विस्थापन के सम्बंध में वार्ता की जानी चाहिए।
ग्रामीणों ने कहा कि उनकी उपजाऊ भूमि भी परियोजना की भेंट चढ़ जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।



