दून में ट्रैफिक जाम से निदान को पुलिस प्रशासन की तैयारी

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।
राजधानी दून में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन अब बड़े बदलाव की तैयारी में है। शहर की सड़कों पर वाहनों की बढ़ती संख्या, अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण रोजाना लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। स्थिति को सुधारने के लिए प्रमेंद्र डोबाल के नेतृत्व में नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
दून शहर में जाम की सबसे बड़ी वजह सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहन माने जा रहे हैं। लोग निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने के बजाय सड़क किनारे ही गाड़ियां खड़ी कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद इन समस्याओं पर अधिक सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
6 ट्रैफिक पुलिस स्टेशन बनाए जाने का है प्रस्ताव :
नई योजना के तहत देहरादून में अब महानगरों की तर्ज पर ट्रैफिक पुलिस स्टेशनों की स्थापना की जाएगी। पूरे जनपद में कुल 6 ट्रैफिक पुलिस स्टेशन बनाए जाने का प्रस्ताव है, जिनमें से 4 देहरादून शहर में, 1 विकासनगर और 1 ऋषिकेश में स्थापित किया जाएगा। इन स्टेशनों की जिम्मेदारी संबंधित ट्रैफिक इंस्पेक्टर को दी जाएगी, जो अपने-अपने क्षेत्र में ट्रैफिक प्रबंधन, पुलिसकर्मियों की ड्यूटी तय करने और चालान से जुड़े कार्यों की निगरानी करेंगे।



