राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम – रेड लाइट सिग्नल पर वाहन का इंजन बंद कर करें सहयोग

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।
नगर निगम देहरादून के तत्वावधान में राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अंतर्गत लक्ष्य संस्था के सहयोग से कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में शहर के ट्रैफिक सिग्नलों पर स्वच्छ वायु एवं वायु प्रदूषण को जनसहभागिता के माध्यम से नियंत्रित करना रहा। इस दौरान लोगों को जागरूक भी किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों को रेड लाइट पर प्रतीक्षा करते समय अपने वाहनों के इंजन बंद करने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान लोगों को बताया गया कि ट्रैफिक सिग्नल पर अनावश्यक रूप से इंजन चालू रखने से ईंधन की खपत बढ़ती है तथा वाहनों से निकलने वाली हानिकारक गैसों एवं प्रदूषक तत्वों के कारण वायु प्रदूषण में वृद्धि होती है।
लक्ष्य सोसायटी के कार्यकर्ताओं ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए बताया कि रेड लाइट पर अधिक समय तक रुकने की स्थिति में, यातायात नियमों एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए, वाहन का इंजन बंद करना स्वच्छ वायु की दिशा में एक सरल और प्रभावी व्यक्तिगत पहल है। इस छोटे से प्रयास से ईंधन की बचत करने, अनावश्यक उत्सर्जन कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने में सहायता मिल सकती है।
लक्ष्य सोसायटी की ओर से दून शहरवासियों से अपील की गई कि वे स्वच्छ वायु को जन-अभियान बनाएं और रेड लाइट पर इंजन बंद करने की आदत अपनाकर स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित देहरादून के सपने को साकार बनाने में अपना सहयोग करें।



