स्वास्थ्य

त्योहारों के मौके पर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को लेकर विभाग अलर्ट – मिठाइयों के नमूने जांच को भेजे

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।

त्योहारी सीजन में आम जनता को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर विभागीय टीम ने देहरादून के सहस्त्रधारा रोड स्थित विभिन्न मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों की गुणवत्ता परखने के लिए छह नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेज दिया गया है। विभाग ने मिठाई विक्रेताओं को खुले में बिक्री के लिए रखी मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि और अवसान तिथि स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश भी दिए हैं।

अल्मोड़ा स्वीट्स से मावा और चमचम के नमूने लिए :

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, देहरादून मनीष सयाना के नेतृत्व में विभागीय टीम ने सहस्त्रधारा रोड स्थित अल्मोड़ा स्वीट्स शॉप का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकान में मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि और अवसान तिथि अंकित मिली, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने इन्हें और अधिक स्पष्ट रूप से लिखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह ने मावा और चमचम के नमूने लिए। इन नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बीकानेर मिष्ठान भंडार से चार नमूने लिए :

विभागीय टीम ने सहस्त्रधारा रोड स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार का भी निरीक्षण किया। मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर संदेह के आधार पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने कलाकंद, काजू कतली, आटा लड्डू और खजूर बर्फी के चार नमूने जांच के लिए एकत्र किए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी। यदि जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना ने बताया कि आयुक्त के निर्देशों और आगामी त्योहारों के मद्देनजर यह निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। छह मिठाइयों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आगे भी लगातार निरीक्षण और नमूना संग्रह की कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button