दून पुस्तकालय में छात्रों को सिखाये गणित के टिप्स

डीबीएल संवाददाता।
दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र, देहरादून में आयोजित “वैदिक गणित” विषयक विशेष व्याख्यान में प्रसिद्ध गणित विशेषज्ञ डॉ. योगेश चांदना ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं व अध्ययनरत छात्रों को वैदिक गणित की उपयोगी एवं सरल तकनीकों से परिचित कराया। कार्यक्रम में बैंक व अन्य परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का प्रारम्भ दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. डी.के. पाण्डे के स्वागत एवं परिचय वक्तव्य से हुआ। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय युवाओं के बौद्धिक विकास और मार्गदर्शन हेतु निरंतर ऐसे उपयोगी कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। इस मौके पर डॉ. चांदना ने अपने व्याखान में बताया कि वैदिक गणित केवल गणनाओं को सरल और तीव्र बनाने का माध्यम ही नहीं, बल्कि यह मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और तार्किक क्षमता को भी विकसित करता है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में समय प्रबंधन और त्वरित समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण सूत्र एवं व्यावहारिक तकनीकें साझा कीं।
इस अवसर पर डॉ. पंकज नैथानी, चन्द्रशेखर तिवारी, कर्नल डिमरी, डॉ. लालता प्रसाद, सुंदर सिंह विष्ट सहित अनेक शिक्षाविद, साहित्यप्रेमी एवं युवा छात्र उपस्थित रहे।



