जागरूकता : सांकरी से मोरी तक नशामुक्ति और भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाया अभियान

कुलदीप कुमार शाह
पुरोला। मोरी विकासखण्ड में पर्वतीय जनसेवा संगठन के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में बढ़ती नशे की लत और भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रैली के रूप में सांकरी से मोरी तक करीब 25 किमी का सफर तय किया और लोगों को जागरूक किया।
पर्वतीय जनसेवा संगठन के बैनर तले मोरी में एकत्र हुए युवाओं ने क्षेत्र में बढ़ती नशे की लत और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की। संगठन के संयोजक सोवेन्द्र सिंह राणा ने क्षेत्र के युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से क्षेत्र में आदर्श वातावरण बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
सचिव प्रकाश चौहान ने कहा कि समाज में बढ़ती भ्रष्टाचार की प्रवृत्ति को दूर करने के लिए सभी लोगों को आगे आना होगा। संगठन के माध्यम से भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।
सांकरी से शुरू हुई रैली का समापन कोटगांव, नैटवाड़ के रास्ते मोरी बाजार में हुआ। जहां सभी क्षेत्रवासियों ने पर्वतीय जनसेवा संगठन की पहल को सराहा और अभियान की सफलता का संकल्प लिया।
इस मौके पर संगठन के संजय राणा, विपेन्द्र, राजकिरण, प्रमोद, देवराज, प्रदीप, संजय, हरीश, गुड्डू, नागेन्द्र, जगमोहन, सुरेश, प्रेम, लाईबर, तमन्ना सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।