कार्यशाला में बच्चे सीख रहे लेखन की बारीकियां
दून लाइबेरी में किया जा रहा 5 दिवसीय बाल लेखन कार्यशाला का आयोजन

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।
अल्मोड़ा से प्रकाशित बच्चों की पत्रिका बालप्रहरी, भारत ज्ञान विज्ञान समिति एवं देहरादून किताब कौतिक आयोजन समिति के संयुक्त तत्वावधान में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से 14 से 18 अक्टूबर तक दून लाइबेरी देहरादून में किया जा रहा है।
बाल लेखन कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व अपर निदेशक शिक्षा एसपी सेमवाल ने कहा मोबाइल संस्कृति के आज के दौर में बच्चे पुस्तकों से दूर होते जा रहे हैं। एक जागरूक शिक्षक, साहित्यकार व अभिभावक बतौर हम बड़े लोगों को सबसे पहले पठन पाठन की आदत विकसित करनी होगी। उन्होंने कहा कि बच्चे बहुत कुछ जानते हैं। उनकी प्रतिभा निखारने तथा उन्हें मौखिक तथा लिखित अभिव्यक्ति का अवसर देने के लिए गैर शैक्षणिक गतिविधियां मील का पत्थर साबित हो सकती हैं।
मुख्य प्रशिक्षक और बालप्रहरी के संपादक उदय किरौला ने कहा कि बालप्रहरी द्वारा अभी तक भारत के 16 राज्यों में 350 से अधिक पांच दिवसीय कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि 5 दिवसीय कार्यशाला में बच्चों को मौखिक व लिखित अभिव्यक्ति के लिए प्रेरित किया जाना इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य है। कार्यशाला में बच्चों की हस्तलिखित पुस्तक भी तैयार की जाएगी।



